नगरदा वॉटरफॉल में दर्दनाक हादसा: पहाड़ से फिसलकर युवक की मौत, दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था
सक्ती। जिले के प्रसिद्ध नगरदा वॉटरफॉल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में कोरबा जिले के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उरगा थाना क्षेत्र के देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और वॉटरफॉल में स्नान करने आया था।
जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण वॉटरफॉल की चट्टानों पर काई जम गई थी। स्नान के दौरान युवक का पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल उसे उपचार के लिए चांपा स्थित बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सिर, फेफड़े और लीवर में आई गंभीर चोट
बीडीएम अस्पताल के डॉक्टर डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान युवक के सिर में गंभीर चोट के साथ फेफड़े और लीवर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिले। डॉक्टरों के अनुसार, चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
एक सप्ताह में दूसरी मौत
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर सक्ती जिले के पिकनिक स्पॉट पर यह दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा में दुर्ग जिले के छावनी निवासी प्रतीक कंवर की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई थी।
प्रशासन की अपील
बारिश के मौसम में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से वॉटरफॉल, नदी और अन्य पिकनिक स्थलों पर विशेष सावधानी बरतने, फिसलन वाले क्षेत्रों से दूर रहने और जोखिम उठाकर खतरनाक स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है।