डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया हत्यारे तक, पसान में महिला की हत्या का खुलासा
कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकड़हा में तीन दिन पहले हुई 23 वर्षीय सुखमनिया एक्का की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में गांव के उरांवपारा निवासी सहस राम मिंज (38) को गिरफ्तार किया है। महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
नाले के पास मिला था महिला का शव
सुखमनिया एक्का का शव गांव से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास मिला था। सूचना मिलने पर पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। हत्या की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
घटनास्थल से आरोपी के घर पहुंचा खोजी कुत्ता
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड का खोजी कुत्ता घटनास्थल से गांव की ओर गया और सीधे सहस राम मिंज के घर के अंदर जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस का संदेह सहस राम पर गहराया और उसकी तलाश शुरू की गई।
बताया गया कि पुलिस जब आरोपी की तलाश कर रही थी, उस दौरान वह बकरी चराने गया था और वापस नहीं लौटा। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही। बाद में उसके गांव लौटने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।
पत्नी और बहू के साथ शराब पीने को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका का उसकी पत्नी के साथ बैठकर शराब पीना उसे पसंद नहीं था। उसने कई बार सुखमनिया को अपनी पत्नी के साथ शराब पीने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इसी नाराजगी के चलते महिला की हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
बीता चक्रवर्ती की रिपोर्ट
