छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता: बिलासपुर में 7 मरीज मिले, कोरबा में चार…रायपुर में भी संक्रमण जारी

Must read

     

    रायपुर/बिलासपुर। बारिश और बदलते मौसम के बीच छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण ने चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आ रहे मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग निगरानी बढ़ा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक बिलासपुर में अब तक 7 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज जारी है।

    वहीं राजधानी रायपुर में भी स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार इस साल रायपुर जिले में अब तक 32 मरीज संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 26 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 6 मरीज फिलहाल सक्रिय हैं और उनका उपचार चल रहा है।

    बिलासपुर में 75 साल की महिला समेत दो का इलाज जारी

    बिलासपुर में उपचाररत मरीजों में 75 वर्षीय महिला भी शामिल हैं। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

    इससे पहले दुर्ग में भी करीब 3 साल की बच्ची में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। बच्ची को सर्दी और तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया और उसकी हालत स्थिर बताई गई।

    बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सावधानी

    स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल करने की अपील की है। इन वर्गों में संक्रमण गंभीर रूप लेने का खतरा अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है।

    स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण

    तेज बुखार

    लगातार खांसी

    गले में खराश

    सिर और शरीर में दर्द

    अत्यधिक थकान

    सांस लेने में परेशानी

    हालांकि, सर्दी-खांसी या बुखार होने का मतलब स्वाइन फ्लू होना जरूरी नहीं है। जांच के बाद ही H1N1 संक्रमण की पुष्टि होती है।

    घबराने की नहीं, सावधानी की जरूरत

    डॉक्टरों के अनुसार भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतना, खांसते-छींकते समय मुंह और नाक ढंकना, हाथों को नियमित रूप से साफ करना और फ्लू जैसे लक्षण होने पर दूसरों से दूरी रखना संक्रमण से बचाव में मदद कर सकता है।

    छत्तीसगढ़ में फिलहाल स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग की नजर है। ऐसे में लोगों को अफवाहों से बचते हुए लक्षण दिखाई देने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

    More articles

    Latest article