कोरबा ।आकाशीय बिजली ने ली छह साइबेरियन पक्षियों की जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर में गुरुवार को आकाशीय बिजली ने ऐसा कहर बरपाया कि एक ही पल में छह साइबेरियन पक्षियों की जान चली गई। दशहरा चौक स्थित एक विशाल इमली के पेड़ पर गिरी बिजली से पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने न केवल ग्रामीणों को झकझोर दिया, बल्कि गांव में लगे लाइटनिंग अरेस्टर (तड़ित चालक) की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:45 बजे अचानक मौसम बदला। तेज गरज और बारिश के बीच इमली के पेड़ पर बिजली गिरी, जहां बड़ी संख्या में पक्षी बैठे हुए थे। तेज झटके से छह साइबेरियन पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मृत पक्षियों को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय पेड़ के नीचे लोग या मवेशी मौजूद होते, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने गांव में पहले से लगे तड़ित चालकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब बिजली से सुरक्षा के लिए उपकरण लगाए गए हैं, तो फिर बिजली सीधे पेड़ पर कैसे गिरी? इससे उनकी कार्यक्षमता की निष्पक्ष जांच कराना जरूरी हो गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव में लगे सभी लाइटनिंग अरेस्टर का तकनीकी परीक्षण कराया जाए। जो उपकरण खराब या निष्क्रिय हों, उन्हें तत्काल बदलकर आधुनिक तकनीक वाले तड़ित चालक लगाए जाएं। साथ ही दशहरा चौक, स्कूल पारा और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त लाइटनिंग अरेस्टर लगाने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के दौरान इस इलाके में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए पूरे क्षेत्र का विशेषज्ञों से सर्वे कराकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाना चाहिए।