करैत सर्प के सर्पदंश से 3 साल के मासूम की मृत्यु
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र पुरानी बस्ती स्थित खालेपारा में रात्री पहर घर के अंदर सो रहे 3 वर्षीय मासूम की जहरीले करैत सर्प के काटने से मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कटघोरा मुख्य बाजार में खरीद-बिक्री का काम करने वाले युवक का 3 वर्षीय बेटा अपने घर के पूजा कक्ष में दादी और बहन के साथ सो रहा था। रात के दौरान एक जहरीला करैत सर्प कमरे में घुस आया और बिस्तर पर सो रहे मासूम को डस लिया। सर्प के काटते ही वह दर्द से जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर दादी की नींद खुली। उन्होंने बिस्तर पर देखा तो वहां एक बड़ा करैत सर्प मौजूद था। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ कर पाते, सांप अंधेरे का फायदा उठाकर घर के भीतर कहीं गायब हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक घर और आसपास के इलाके में सर्प की तलाश करती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इधर, परिजन गंभीर हालत में मासूम को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लेकर पहुंचे। चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जहरीले करैत सर्प का जहर तेजी से शरीर में फैल जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी।