करंट का कहर: 11 केवी लाइन की चपेट में आई मादा भालू और दो शावक, मौके पर मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में करंट लगने से एक मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा जंगल से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटने के कारण हुआ।
ग्रामीणों ने देखे शव, वन विभाग को दी सूचना
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। सलाईगोट गांव के ग्रामीण जब खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने जंगल के पास टूटे हुए बिजली के तार और भालुओं के शव पड़े देखे। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।
पेड़ की टहनी गिरने से टूटा तार
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, लेकिन जंगल से गुजर रही 11 केवी लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा था। बताया जा रहा है कि एक बड़े पेड़ की टहनी तार पर गिर गई थी, जिससे खंभे से अर्थिंग आ रही थी और तार में करंट बना हुआ था।
करंट की चपेट में आने से हुई मौत
इसी दौरान जंगल में घूम रही मादा भालू और उसके दो शावक करंट की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कार्रवाई के दिए गए निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए रेंजर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वन विभाग की टीम पूरे मामले की
जांच कर रही है।