कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड स्थित रामसागर पारा में रविवार देर शाम इंस्टाग्राम पर की गई एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे रवि यादव की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर की गई एक पोस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और रविवार शाम आमने-सामने की भिड़ंत में बदल गया। इसी विवाद के चलते एक पक्ष के युवक अपने साथियों के साथ रामसागर पारा पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के दौरान रवि यादव विवाद शांत कराने और दोनों पक्षों को समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रवि यादव का मूल विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था और वह केवल झगड़ा रोकने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन हिंसा की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतक के परिजन कोतवाली थाना पहुंचे तथा आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। सभी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक मामूली विवाद जिस तरह एक युवक की मौत का कारण बन गया, उसने युवाओं में बढ़ती आक्रामकता और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।