VIDEO – बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, कोरबा में बिजली कार्यालय का घेराव, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Must read

कोरबा। बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन किया। इसी क्रम में कोरबा शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में तुलसीनगर स्थित विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया।
प्रदर्शन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग की मुश्किलें और बढ़ा दी गई हैं।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बिजली उत्पादन के मामले में अग्रणी राज्य होने के बावजूद छत्तीसगढ़ की जनता को महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, तब दर वृद्धि का औचित्य क्या है। उन्होंने प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और हाई-वोल्टेज की समस्या का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा नहीं मिल रही है, फिर भी उनसे अधिक शुल्क वसूला जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना से लाखों परिवारों को राहत मिली थी, जबकि वर्तमान सरकार जनता को राहत देने के बजाय सुविधाओं में कटौती कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि बिजली दरों में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जाए, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए विशेष सब्सिडी दी जाए तथा किसानों को सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बिजली वितरण व्यवस्था में सुधार और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि वह जनता के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लगातार लड़ती रहेगी।

    More articles

    Latest article