Video – कोरबा के खेत में दिखा विशालकाय मगरमच्छ, मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खेत के भीतर विशालकाय मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखकर खेत में काम कर रहे किसानों के होश उड़ गए। देखते ही देखते इसकी खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा का है। बताया जा रहा है कि किसान खेत में काम कर रहे थे, इसी दौरान उनकी नजर पानी और कीचड़ के बीच मौजूद एक विशाल मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ खेत में इधर-उधर भागने और छिपने का प्रयास कर रहा था।
ग्रामीणों ने साहस दिखाकर मगरमच्छ को निकाला बाहर
मगरमच्छ को खेत में देखकर ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, गांव के कुछ युवकों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू में किया। उसे सुरक्षित तरीके से बांधकर खेत से बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मगरमच्छ को अपने संरक्षण में लिया और सुरक्षित वाहन में लोड किया। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास यानी किसी सुरक्षित जलाशय में छोड़ा जाएगा।
आसपास और मगरमच्छ होने की आशंका
खेत में मगरमच्छ मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के नदी-नालों और जलस्रोतों में मगरमच्छों की मौजूदगी रहती है और कई बार ये रिहायशी इलाकों तथा खेतों की ओर पहुंच जाते हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि आसपास के इलाकों की भी जांच कराई जाए, ताकि यदि और मगरमच्छ मौजूद हों तो उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। वन विभाग की तत्परता से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।