समिति में मैं भी था, बरबसपुर में ही बने नया ट्रांसपोर्ट नगर- लखन लाल देवांगन

कोरबा। पूर्व संसदीय सचिव लखन लाल देवांगन ने कहा कि जब बरबसपुर को ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के लिए समिति गठित की गई थी, तब उसमें मैं भी शामिल था। बरबसपुर में ही बने ट्रांसफर नगर इसमें मुझे कोई आपत्ति नहीं है। पहली प्राथमिकता शहर को भारी वाहनों से मुक्ति दिलाना होना चाहिए।

ग्राम बरबसपुर में नए ट्रांसपोर्ट नगर स्थापना को लेकर भाजपा व कांग्रेस में आरोप- प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष डा राजीव सिंह ने सबसे पहले कांग्रेस नेताओं की जमीन की सूची जारी की। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बरबसपुर में खरीदी गई जमीन की सूची जारी कर दी। शनिवार को तिलक भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि ग्राम बरबसपुर में मेरे पिताजी ने 20 वर्ष पहले जमीन खरीदी थी, उस वक्त नए ट्रांसपोर्ट नगर की कल्पना भी नहीं की गई थी। उक्त भूमि निजी व्यवसायिक उपयोग के लिए खरीदी गई थी। इस अवसर पर पूर्व महापौर जोगेश लांबा,भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अशोक चावलानी पूर्व महामंत्री नवीन पटेल उपस्थित रहे।