VIDEO – Ak 47 की जगह हाथ में कड़छुल, अब गोलियों नहीं स्वाद की बौछार …. बस्तर में बदलती तस्वीर, हथियार छोड़ चूल्हे तक पहुंची जिंदगी

Must read

 

 

 

आत्मसमर्पण के बाद नई राह पर बढ़ते कदम

बस्तर से लौट कर बीता चक्रवर्ती की रिपोर्ट

 पहली किस्त 

कोरबा। बस्तर की जमीन पर बदलाव अब केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी में साफ दिखने लगा है। कभी नक्सल हिंसा के साये में जीने वाला यह इलाका अब धीरे-धीरे सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है। इसी बदलती तस्वीर को समझने कोरबा से पहुंची महिला पत्रकारों की टीम ने एक ऐसी कहानी देखी, जो बस्तर के बदलाव की सबसे सजीव तस्वीर बनकर सामने आई।
जगदलपुर के “पंडुम रेस्टोरेंट” में काम कर रही महिला प्रमिला की कहानी इस बदलाव का सबसे संवेदनशील चेहरा है। यह वही महिला है, जो कभी जंगलों में भटकते हुए एके-47 जैसे हथियार चलाती थी। बंदूक की आवाज और डर के माहौल में उसकी पहचान बनी थी। लेकिन आज वही हाथ चूल्हे की आंच संभाल रहे हैं। अब उसकी उंगलियों से गोलियां नहीं निकलतीं, बल्कि स्वाद की खुशबू फैलती है। महिला बताती है कि उस दौर में जिंदगी केवल आदेश और डर के बीच सिमट गई थी। गांवों से दूर, परिवार से कटकर, हथियार ही उसका सहारा बन गए थे। लेकिन हालात बदलने लगे। सुरक्षा बलों की पहल और आत्मसमर्पण की नीति ने उसे एक नई राह दिखाई। उसने हथियार छोड़ने का फैसला लिया और मुख्यधारा में लौट आई।
आज वही महिला रेस्टोरेंट में काम कर रही है। चेहरे पर संतोष है और जिंदगी में स्थिरता। वह कहती है कि अब डर नहीं लगता, अब सुकून है। पहले जहां हर दिन अनिश्चितता से भरा होता था, अब रोजमर्रा की साधारण जिंदगी ही सबसे बड़ी खुशी बन गई है। इसी कड़ी में आसमाती, फूलमती और फगनी पोयाम जैसी महिलाएं भी आत्मसमर्पण के बाद मुख्यधारा से जुड़कर नई शुरुआत कर रही हैं। इस बदलाव को करीब से देखने पर साफ होता है कि बस्तर अब केवल संघर्ष की पहचान नहीं रहा। यहां लोग नए अवसरों की ओर बढ़ रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले कई लोग आज रोजगार से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान यह भी नजर आया कि लोगों के मन से धीरे-धीरे डर खत्म हो रहा है। बाजारों में रौनक बढ़ रही है, सड़कें पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस होती हैं और स्थानीय लोग खुलकर अपनी बात कहने लगे हैं। बस्तर की यह कहानी केवल एक महिला की नहीं है, बल्कि उस पूरे क्षेत्र की है, जो बंदूक की छाया से निकलकर अब विकास और विश्वास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

More articles

Latest article