कोरबा/रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट में एसीपी पुरानी बस्ती के पद पर पदस्थ श्री सुरेश ध्रुव को अपराध अन्वेषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित पंडित लखन लाल मिश्र पदक से सम्मानित किया गया है। 3 नवंबर 2026 को राज्योत्सव के समापन अवसर पर आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
विशेष उपलब्धि यह भी है कि श्री ध्रुव को विवेचना कार्य में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय स्तर पर प्रदान किए जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए भी नामित किया गया है।
श्री ध्रुव ने अपने पुलिस सेवा के दौरान विभिन्न जिलों में पदस्थ रहते हुए अपनी कार्यशैली और विवेचना के कौशल से अलग पहचान बनाई है। वे कोरबा जिले में भी कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कोतवाली में उनका कार्यकाल काफी अच्छा और प्रभावशाली रहा। उस दौरान उनकी कार्यशैली, अपराधों पर नियंत्रण और आम लोगों के बीच सक्रिय पुलिसिंग की छाप आज भी लोगों की यादों में है।
कठिन और जटिल आपराधिक मामलों की विवेचना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें राज्य एवं केंद्र स्तर के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
राज्य स्तर पर पंडित लखन लाल मिश्र पदक से सम्मानित होना और केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए नामित होना श्री ध्रुव की पुलिस सेवा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग के साथ-साथ कोरबा में भी हर्ष का माहौल है।