ड्राइवर मजदूरों की समस्याओं को लेकर SECL दीपका कार्यालय पहुंची छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना, जमकर हुई नारेबाजी

Must read

    दीपका। SECL दीपका क्षेत्र के अधीन संचालित जय अम्बे कंपनी में ड्राइवर मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने मोर्चा खोला। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता SECL दीपका प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक (GM) से मुलाकात करने पहुंचे।
    संगठन की ओर से कंपनी में ड्राइवर मजदूरों की संख्या, एक कर्मचारी को काम से बैठाए जाने, मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिलने सहित कई शिकायतें GM के समक्ष रखी गईं। संगठन ने यह आरोप भी लगाया कि कंपनी के अंदर कुछ अधिकारियों द्वारा ड्राइवर मजदूरों से कथित रूप से पैसे लिए जाने की शिकायत सामने आई है।
    मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने SECL दीपका प्रोजेक्ट कार्यालय परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान कार्यालय परिसर में काफी देर तक नारे गूंजते रहे।
    मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रोजेक्ट GM ने जय अम्बे कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की और मजदूरों की शिकायतों के समाधान को लेकर चर्चा की। बातचीत के बाद संबंधित कर्मचारी को दोबारा काम पर रखने की बात सामने आई।
    इस दौरान छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल ने कहा कि ड्राइवर और मजदूरों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूरों को उनके काम का मेहनताना समय पर मिलना चाहिए और कार्यस्थल पर उनके अधिकारों का संरक्षण होना चाहिए।
    उन्होंने कहा कि मजदूर अपने हक और अधिकार की लड़ाई में अकेले नहीं हैं। संगठन मजदूरों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
    उमागोपाल ने कहा कि मजदूरों का हक मजदूरों को मिलना चाहिए और मजदूरों के कथित शोषण के खिलाफ संगठन लगातार संघर्ष करेगा।

    More articles

    Latest article