नगर निगम की बदहाल सड़कों, जलभराव और जनसमस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन

Must read

    Korba। नगर निगम क्षेत्र में बदहाल सड़कों, जलभराव, नालियों की समस्या, साफ-सफाई सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी (आप) ने भी समर्थन दिया।
    पूर्व घोषणा के अनुसार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक कोसाबाड़ी में एकत्रित हुए और नगर निगम कार्यालय का घेराव करने के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग की। इस दौरान युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच रस्साकशी हुई, जिसके चलते मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
    प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, जलभराव और साफ-सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर, शहर विधायक एवं मंत्री जनता की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील बने हुए हैं।
    उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क, बेहतर नाली व्यवस्था, जलभराव से मुक्ति और साफ-सफाई आम नागरिकों का अधिकार है। नगर निगम नागरिकों से विभिन्न मदों में टैक्स वसूल करता है, इसलिए शहरवासियों को सुरक्षित और बेहतर सड़क उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है।
    श्याम नारायण सोनी ने चेतावनी दी कि खराब सड़कों के कारण यदि किसी नागरिक की दुर्घटना में मृत्यु होती है, तो नगर निगम से नियमानुसार मुआवजे की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
    उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, जलभराव और सफाई जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, आप कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं समर्थक मौजूद रहे।

    More articles

    Latest article