Korba Breaking एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने फिर से किया चक्का जाम…. कलेक्टर को मौके पर आने की मांग को लेकर अड़े बच्चे
कोरबा 13 अगस्त 2026। कोरबा जिले के छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का आंदोलन एक बार फिर सड़क पर पहुंच गया है। अपनी मांगों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर उतर आए और छुरी पंचायत के सामने चक्काजाम कर दिया। एक महीने के भीतर छात्रों का यह दूसरा बड़ा सड़क आंदोलन है। इससे पहले भी छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर चुके हैं। चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे धरने से नहीं हटेंगे।
गौरतलब है कि छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में व्याप्त समस्या और प्रिंसिपल व अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर छात्र लगातार उग्र बने हुए है। इससे पहले छात्रों ने विद्यालय के कार्यक्रम में पहुंचे कटघोरा विधायक की गाड़ी के सामने बैठकर अपनी मांगो को रखा था। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा पूरे मामले की जांच की गयी। इसी बीच छात्रों ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया है। इसके बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो छात्रों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया था। अब एक बार फिर बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई छोड़कर आंदोलन के लिए मुख्य मार्ग पर बैठ गए हैं। छात्रों का कहना है कि कई बार शिकायत और आंदोलन के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी समेत अधिकारी छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि छात्रों को सड़क से हटाकर बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए। आंदोलन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग एकलव्य विद्यालय के प्रिंसिपल और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों ने प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि स्कूल और छात्रावास में उन्हें मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी परेशानी है। उनका आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
क्या स्कूल की गुटबाजी बन रही आंदोलन की वजह?
इस पूरे मामले में अब एक और गंभीर पहलू सामने आ रहा है। एकलव्य विद्यालय में शिक्षकों के बीच कथित गुटबाजी और आपसी खींचतान के कारण छात्रों के बीच भी गुटबाजी को हवा मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पिछले आंदोलन के दौरान भी छात्रों ने कथित तौर पर प्रिंसिपल को कमरे में बंद करने के बाद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था। लगातार हो रहे आंदोलनों ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ प्रशासन के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सहायक आयुक्त की जांच रिपोर्ट तैयार होने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक पिछले आंदोलन और छात्रों की शिकायतों को लेकर सहायक आयुक्त स्तर पर जांच की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। अब इस रिपोर्ट में क्या निष्कर्ष सामने आए हैं और जिम्मेदारी किसकी तय होती है, इस पर सबकी नजर है। हालांकि जांच रिपोर्ट पर अंतिम कार्रवाई जनजातीय कार्य मंत्रालय से की जायेगी। बताया जा रहा है कि दिल्ली जनजातीय कार्य मंत्रालय में रिपोर्ट भेजे जाने के बाद जल्द ही इस पूरे प्रकरण में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।