कोरबा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर
कोरबा। जिले के कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर मंगलवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बांगो थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन नाबालिग स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूटी से पोड़ी उपरोड़ा की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मौके पर पहुंचे पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज बंजारे, स्थानीय तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।