कोरबा में हाथी का हमला: पुटु निकालने गए ग्रामीण की मौत, वन विभाग पर उठे सवाल
कोरबा। जिले के कोरबा वन मंडल अंतर्गत ग्राम पीडिया और तुर्रीकटरा के बीच जंगल में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पीडिया निवासी जहाज़ सिंह राठिया (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 9 जुलाई को जहाज़ सिंह राठिया जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) निकालने गए थे। इसी दौरान उनका सामना जंगल में मौजूद हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण लोगों की जान-माल का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने हाथियों की प्रभावी मॉनिटरिंग और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है।