मानिकपुर हत्याकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बलगी डकैती में भी निकली संलिप्तता
50 से अधिक CCTV फुटेज और 100 लोगों से पूछताछ के बाद कोरबा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
कोरबा। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए कोरबा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में आरोपी की संलिप्तता बालगी डकैती कांड में भी सामने आई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार साकेत कॉलोनी जमनीपाली निवासी शुभम सिंह बघेल की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 6-7 जून 2026 की दरम्यानी रात चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों ने बोलेरो वाहन से गंभीर रूप से कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने लगातार जांच करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
जांच के दौरान राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष) निवासी कड़ारी, जिला सक्ती एवं वर्तमान निवासी विकास नगर कुसमुंडा की भूमिका सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो क्रमांक CG-12 BD-5025 को जब्त किया गया।
बलगी डकैती कांड से भी जुड़ा आरोपी
पुलिस विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन बालगी क्षेत्र में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं। वर्तमान आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को डकैती प्रकरण में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के संबंध में जांच जारी रखे हुए है।