रातभर बदमाशों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, गुंडा-निगरानी बदमाशों की हुई पड़ताल
कोरबा। 
में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शुक्रवार रात विशेष कार्रवाई की। जिलेभर में गुंडा और निगरानी बदमाशों के घरों व संभावित ठिकानों पर पहुंचकर पुलिस टीमों ने सघन सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की अलग-अलग टीमों ने बदमाशों की गतिविधियों, वर्तमान मूवमेंट, आय के स्रोत और जीवनशैली की गहन जांच की। पुलिस ने यह भी पता लगाया कि कहीं ये बदमाश दोबारा आपराधिक गतिविधियों में तो सक्रिय नहीं हैं और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं।
अभियान के दौरान ऐसे लोगों की भी जानकारी जुटाई गई जो पहले इन बदमाशों के साथ अपराधों में शामिल रहे हैं या वर्तमान में उनके संपर्क में हैं। संदिग्ध गतिविधियों और आय के मुकाबले असामान्य जीवनशैली वाले व्यक्तियों को पुलिस ने विशेष निगरानी सूची में रखा है।
पुलिस टीमों ने निगरानी और गुंडा बदमाशों को सख्त चेतावनी देते हुए कानून व्यवस्था भंग नहीं करने, अवैध गतिविधियों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की हिदायत दी। साथ ही उनके विरुद्ध पूर्व में की गई वैधानिक कार्यवाहियों के पालन की भी जांच की गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के बदमाशों में हड़कंप का माहौल देखा गया।