डीजल चोरी कांड में पुलिस महकमे में भूचाल, साइबर सेल के प्रशांत सिंह समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
कोरबा। कोयलांचल क्षेत्र में करोड़ों रुपये के डीजल चोरी नेटवर्क की जांच के बीच पुलिस विभाग में बड़ा भूचाल आ गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत सिंह सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक डीजल चोरी गिरोह के खिलाफ चल रही जांच में कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने और कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। निलंबित पुलिसकर्मियों में साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत सिंह, कटघोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, मोगरा थाना के प्रधान आरक्षक राजेश कंवर और आरक्षक रोहित राठौर शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार डीजल चोरी के इस बहुचर्चित मामले में लगातार शिकायतें और अहम जानकारियां सामने आ रही थीं, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने बिना देरी किए चार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरा दी।
एक साथ चार पुलिसकर्मियों के निलंबन से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस विभाग पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटा हुआ है।
एसपी का सख्त संदेश: कानून तोड़ने वालों के साथ-साथ लापरवाही बरतने या संदिग्ध भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। डीजल चोरी कांड की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है।