कब्र से निकाला गया विनीता का शव, दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका से गांव में सनसनी

Must read

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भलपहरी में विवाहिता विनीता पाटले की संदिग्ध मौत अब बड़ा सवाल बन गई है। दफन के चार दिन बाद प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। मायके पक्ष ने पति, सास और ससुर पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या की आशंका के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शुक्रवार को तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव उत्खनन की कार्रवाई की गई। तेज धूप के बीच घंटों तक चली इस प्रक्रिया को देखने गांव में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। बताया जा रहा है कि शुरुआत में मृतिका के ससुर ने शव निकालने का विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद कार्रवाई पूरी हुई।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही विनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पति मुकेश पाटले द्वारा मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकाल देने जैसी घटनाओं का भी आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि विनीता कई बार रोते हुए मायके पहुंची थी, लेकिन बच्चों और परिवार की खातिर समझौता कर उसे वापस भेज दिया जाता था।
मृतिका की मां ने दावा किया कि कुछ समय पहले विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश भी हुई थी। वहीं हाल ही में गांव के पंच-सरपंच बताकर कुछ लोग समझाइश के नाम पर उसे ससुराल ले गए थे, लेकिन बाद में वे रिश्तेदार निकले। इससे परिवार का शक और गहरा गया है।
परिजनों के मुताबिक मौत के बाद शव को नहलाते समय शरीर पर चोट के निशान दिखे थे। नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे मामला और संदिग्ध बन गया।
विनीता की बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले तक वह पूरी तरह स्वस्थ थी और पारिवारिक कार्यक्रम में डांस भी कर रही थी। ऐसे में अचानक मौत और बिना पोस्टमार्टम दफनाए जाने को लेकर परिवार लगातार सवाल उठा रहा है।
इधर, पति मुकेश पाटले ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। हालांकि, वह विनीता के बार-बार मायके जाने के सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव उत्खनन कराया गया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

    More articles

    Latest article