कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइक सवार युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने 5 घंटे किया चक्काजाम


कोरबा। जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाली-चाकाबुडा मार्ग पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में घंटों तनाव की स्थिति बनी रही।
मिली जानकारी के अनुसार जवाली गांव निवासी प्रकाश और बबलू सोमवार रात करीब 8 बजे मीटर मोटरसाइकिल से जवाली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी व उचित मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही बांकी मोगरा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
करीब 5 घंटे तक चले चक्काजाम के बाद प्रशासन की ओर से तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की तथा आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।