खोए मोबाइल लौटाकर कोरबा पुलिस ने जीता भरोसा, 75 फोन मालिकों को सौंपे

कोरबा, छत्तीसगढ़। आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस थाना कोरबा की टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से 75 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 11.50 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और साइबर थाना की टीम ने विभिन्न जिलों और राज्यों से मोबाइल ट्रेस कर सफलता प्राप्त की। इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बरामद मोबाइल Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी प्रमुख कंपनियों के हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर गुम हुए थे। तकनीकी सहायता और CEIR पोर्टल के जरिए इन्हें ट्रैक कर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया गया।
साइबर पुलिस थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन कोरबा पुलिस की तत्परता से उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
उल्लेखनीय है कि पिछले चार महीनों में कोरबा पुलिस 200 से अधिक गुम मोबाइल उनके मालिकों को वापस दिला चुकी है। यह पहल न केवल नागरिकों में सुरक्षा की भावना को बढ़ा रही है, बल्कि पुलिस के प्रति भरोसे को भी मजबूत कर रही है।
जनता से अपील:
मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाना/साइबर सेल को सूचित करें।
साइबर फ्रॉड के मामलों में तुरंत 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज करें।