कोरबा में भीषण सड़क हादसा: नींद की एक झपकी ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

Must read

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा के बुधवारी निवासी सोनी परिवार चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने चांपा गया था। कार्यक्रम के बाद सभी सदस्य देर रात करीब 2 बजे कार से लौट रहे थे। उरगा थाना क्षेत्र के फरसवनी टोल नाका के आगे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर पलट गई और उसके बाद चलती ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई साल के मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों आपस में मां-बेटा और नाती थे, जिससे यह हादसा और भी दर्दनाक बन गया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों में मोंगरा सोनी और प्रियांश के शव बीडीएम अस्पताल चांपा में रखे गए हैं, जबकि देवेंद्र सोनी का शव जिला अस्पताल जांजगीर में रखा गया है।
वार्ड पार्षद सुभाष राठौर ने बताया कि दो दिन पहले ही जितेंद्र सोनी की बेटी की शादी हुई थी, जिसके बाद परिवार के सदस्य चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि यह हादसा हो गया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक परिवार टेंट हाउस का व्यवसाय करता है और स्थानीय स्तर पर काफी जाना-पहचाना था।
इधर, पुलिस के अनुसार चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके चलते कार अनियंत्रित हो गई और यह भीषण दुर्घटना हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More articles

Latest article