मौसम अपडेट – फिर बढ़ेगी तपिश: 2–3°C चढ़ेगा पारा, मध्य छत्तीसगढ़ में लू का अलर्ट


प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट जरूर दर्ज की गई है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान फिर तेजी से बढ़ेगा और गर्मी का असर और तीखा हो सकता है।
अगले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद पूरे प्रदेश में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी के संकेत हैं। यानी थोड़ी राहत के बाद फिर से तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक हीट वेव (लू) की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर ‘वॉर्म नाइट’ यानी गर्म रातें भी रहेंगी, जिससे रात में भी राहत मिलना मुश्किल होगा।
हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन इसका तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा। पिछले 24 घंटों में बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.0°C दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 23.2°C रहा।
मौसम में बदलाव की एक बड़ी वजह सक्रिय सिस्टम भी है। उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोन सर्कुलेशन बना हुआ है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक फैला है। इसी कारण मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है।