नकटीखार के पास तेज रफ्तार का कहर: बाइक सवार दंपति की दर्दनाक मौत
कोरबा। मंगलवार को नक्तिखार के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में बालको नगर निवासी दंपति की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बहरुराम रात्रे और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों एक रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोढ़ी गांव जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दंपति एल्यूमिनियम सिटी क्षेत्र से दुपहिया वाहन पर निकले थे। इसी दौरान कचन्दा नाला के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि बहरुराम रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही महिला ने भी दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।