जशपुर में ‘प्लेन क्रैश’ की उड़ती खबर निकली झूठी, SSP बोले—पहाड़ियों के धुएं ने फैलाया भ्रम

Must read

रायपुर/जशपुर।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एयर एम्बुलेंस के क्रैश होने की खबर आखिरकार महज अफवाह साबित हुई। सोमवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के चारभाठी पहाड़ी इलाके में विमान गिरने की चर्चा तेजी से फैली, जिससे प्रशासन में हलचल मच गई।
जशपुर के एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने साफ किया कि जिले में किसी भी तरह की विमान दुर्घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी मलबा या हादसे से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला।
एसएसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहाड़ी इलाकों में गर्मी के चलते लगी आग से उठते धुएं को लोगों ने विमान हादसा समझ लिया, जिससे अफवाह फैल गई।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

More articles

Latest article