1 करोड़ 30 लाख 50 हजार की गांजा जब्ती: बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 245 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

Must read

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो गांजा की खेप मध्यप्रदेश ले जा रहा था।
संयुक्त टीम की मुस्तैदी से मिली कामयाबी
रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम को 17 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि एक मारुति अर्टिगा (CG 04QD 7255) में भारी मात्रा में गांजा कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक (भेड़ी मुंडा) के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
करोड़ों का माल जब्त
वाहन की तलाशी लेने पर 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ रतनपुर थाने में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
अंतरराज्यीय तस्करी पर कड़ी नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ी चोट है। आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

    More articles

    Latest article