कोरबा ने रचा रिकॉर्ड: 15वीं बार जीरो शॉर्टेज, 650 करोड़ का धान शत-प्रतिशत परिदान
कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के धान खरीदी अभियान में कोरबा जिले ने एक बार फिर अपनी मजबूत व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन का परिचय देते हुए लगातार 15वें साल जीरो शॉर्टेज का कीर्तिमान कायम किया है। जिले में 27.47 लाख क्विंटल धान (करीब 650 करोड़ रुपए) की खरीदी कर शत-प्रतिशत परिदान शासन को किया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के नेतृत्व में 41 समितियों के 65 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल हुई। इस प्रदर्शन के लिए समितियों को 10.16 करोड़ रुपए से अधिक कमीशन और प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जिसमें जीरो शॉर्टेज के लिए अलग से प्रोत्साहन शामिल है।
इस वर्ष अभियान आसान नहीं रहा। मार्कफेड की धीमी परिवहन व्यवस्था, मौसम की मार, भंडारण की कमी और धान उठाव में देरी जैसी कई चुनौतियों के बीच समितियों और प्रशासन ने समन्वय से काम करते हुए लक्ष्य पूरा किया।
सबसे अधिक धान खरीदी करने वाली बरपाली समिति को सर्वाधिक प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जिससे यह केंद्र जिले में अव्वल रहा।
वहीं इस अभियान के दौरान एक दुखद घटना भी सामने आई। कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान की रखवाली कर रहे कर्मचारी की हाथी के हमले में मौत हो गई, जिसने इस पूरे अभियान को झकझोर दिया।
जानकारी के अनुसार, जीरो शॉर्टेज बनाए रखने के लिए कई समितियों को अतिरिक्त दबाव झेलना पड़ा और कुछ मामलों में नुकसान की भरपाई भी करनी पड़ी।