बांकीमोंगरा में हनुमंत कथा के दौरान 543 लोगों की घर वापसी, मो. अनवर बने आदर्श दास
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिवार सहित अपनाया सनातन धर्म, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किया तिलक वंदन
कोरबा। बांकीमोंगरा क्षेत्र के ग्राम ढपढप में चल रही श्री हनुमंत कथा के चौथे दिन मंगलवार को वृहद ‘घर वापसी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सनातन धर्म को अपनाया।
इस अवसर पर बेमेतरा जिले के कोदवा निवासी मोहम्मद अनवर अली ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सनातन धर्म स्वीकार किया। धर्म परिवर्तन के बाद उनका नया नाम आदर्श दास रखा गया। कथा व्यास पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल छिड़ककर परिवार का तिलक वंदन किया और पटुका पहनाकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
अनवर अली के साथ उनकी पत्नी हसीना, पुत्र सैफ अली और शमद खान ने भी सनातन धर्म स्वीकार किया। आदर्श दास (पूर्व में मोहम्मद अनवर) ने बताया कि बचपन से ही उनका जुड़ाव हिंदू समाज से रहा है, जिसके चलते उन्होंने यह निर्णय लिया।
कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनके इस निर्णय की सराहना करते हुए समाज से सहयोग और समर्थन का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कुल 543 लोगों की घर वापसी कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। हनुमंत कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।