48 घंटे में खुला अंधे कत्ल का राज: जली हुई महिला की हुई पहचान, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
कटघोरा के डुमरमुड़ा में मिला था महिला का जला हुआ शव, शराब पार्टी के बाद विवाद और हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के जले हुए शव की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने मृतिका की पहचान करने के साथ ही हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। मामले में थाना कटघोरा और साइबर थाना कोरबा की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को डुमरमुड़ा के पास एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के शीघ्र खुलासे तथा मृतिका की पहचान के लिए कटघोरा थाना एवं साइबर पुलिस थाना की टीम को निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस टीम ने घटनास्थल पर कैंप कर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितेश कुमार ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की। थाना क्षेत्र के गुम इंसान मामलों की जानकारी जुटाने के साथ मृतिका के हुलिए के आधार पर पहचान के प्रयास किए गए।
शुक्रवार रात से गायब थी महिला
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम अमलडिहा की रहने वाली एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। इसके बाद पुलिस ने महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और घटना से जुड़े संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई।
जांच में सामने आया कि घटना से पहले शाम को ग्राम अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल और अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार को महिला के साथ देखा गया था। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
पूछताछ में आरोपी ने खोला हत्या का राज
तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ किए जाने पर उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर लेकर गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद महिला और अजय कुमार धनवार के बीच पहले से संबंध होने के कारण शारीरिक संबंध बने। बाद में किरण कुमार पटेल द्वारा भी महिला की इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाने का प्रयास किए जाने को लेकर विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
वहीं दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडिहा, थाना कटघोरा वर्तमान में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी, वैज्ञानिक, भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का संकलन कर उनका विश्लेषण किया जा रहा है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रकरण में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।