सुशासन तिहार पर कांग्रेस का हमला: “पिछले साल के 80% आवेदन अब भी लंबित”

Must read

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर बोले – पहले पुराना हिसाब दें, फिर नया शिविर लगाएं

कोरबा- प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा 1 मई 2026 से 10 जून तक दूसरी बार सुशासन तिहार मनाने की योजना पर जिला कांग्रेस के शहर अध्‍यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया है ।

श्री राठौर ने कहा है कि पिछले साल 2025 के मई महीने में लिए गए हजारों आवेदनों का आज तक निराकरण नहीं किया जा सका है । गत वर्ष कोरबा नगर पालिका निगम के सभी 67 वार्डों में सुशासन तिहार के तहत् शिविर लगाकर बड़ी संख्‍या में आवेदन लिए गये थे और तत्‍काल निराकरण का भरोसा दिलाया गया था । वार्ड के समस्‍याग्रस्‍त नागरिकों ने भी इस योजना में बढ़ चढ़कर हिस्‍सा लिया और अपने समस्‍या के त्‍वरित निराकरण के लिए आग्रह पत्र जमा किया था, बदले में उन्‍हें पावती दिया गया था जिसमें क्‍यू आर कोड प्रिंट हैं इसी क्‍यू आर कोड के माध्‍यम से आपके आवेदन की कार्य स्थिति का पता चलना है । आज तक इस कोड के माध्‍यम से बस यही पता चलता है कि आपके कार्य प्रगति पर है । जिला अध्‍यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि चूंकि मैं पार्षद भी हूं, मैंने आपने वार्ड के विभिन्‍न समस्‍याओं के निराकरण के लिए बीते वर्ष कुल 9 आवेदन लगाया था वहीं पूर्व पार्षद श्रीमती सुनीता राठौर ने एक, वार्ड निवासी कुंज बिहारी साहु एक, बसंत देवांगन ने दो, दिनेश पाण्‍डेय दो, धरम साहु एक, समीर खुंटे एक, रघुनाथ प्रसाद राठौर एक, कन्‍हैया राठौर एक, आर डी नायक दो, शशिपाली पटेल एक एवं शिवा राठौर ने एक आवेदन जमा किए थे । कुल 23 आवेदनों में से मात्र 3 कार्यों का निराकरण संभव हो सका है । शेष 20 कार्यों का अता पता नहीं है लेकिन क्‍यू आर कोड के माध्‍यम से पता चलता है कि कार्य प्रगति पर है ।

श्री राठौर ने कहा वार्ड क्र. 19 से कांग्रेस दल की ओर से पार्षद हूं तथा जिला कांग्रेस कमेटी का शहर अध्‍यक्ष हूं, कहीं यही कारण तो नहीं कि मेरे वार्ड को उपेक्षित रखा जा रहा है । उन्‍होंने कहा कि रोड, नाली, बिजली, सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को आवेदन लगाने पड़ रहे हैं, जो आज तक लंबित है । श्री राठौर ने स्‍पष्‍ट रूप से सवाल उठाया है कि पिछले वर्ष के सुशासन तिहार का लेखा जोखा सार्वजनिक करने की जरूरत है । निगम के पूरे 67 वार्डों में लगाए गए शिविरों में कुल प्राप्‍त आवेदनों और कुल निराकरण एवं कुल लंबित का लेखा जोखा प्रस्‍तुत करने के बाद ही दूसरी बार सुशासन तिहार का शिविर लगाना चाहिए ।

जिला अध्‍यक्ष मुकेश राठाैर ने कहा कि जनता की समस्‍याओं का समय सीमा में निराकरण तथा जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्‍ध कराना ही असली सुशासन है । सुशासन के माध्‍यम से जनता को आवेदन लेकर लाईन में खड़े रखना कुशासन है । बीते साल के सुशासन तिहार में प्राप्‍त आवेदनों पर पारदर्शिता के बिना एक साल बाद दुबारा सुशासन शिविर लगाना जनता के साथ बेईमानी है । गत वर्ष के प्रक्रिया को एक बार दोहराना केवल औपचारिकता और राजनैतिक प्रचार ही कहलाएगा, इसमें कर्मचारी और आम जनता के साथ पंचायत एवं वार्ड स्‍तर के जनप्रतिनिधिगण परेशान होंगे ।

जिला कांग्रेस और विपक्षी पार्षदों की मांग हैं कि पहली बार के सुशासन तिहार शिविर के आवेदनों का पहले निराकरण हो उसके बाद ही दुबारा यह शिविर लगे वरना चिलचिलाती धुप के महिना में लोगों को परेशान करना लोगों के साथ ज्‍यादती होगी ।

More articles

Latest article