शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, आंगन में खड़े ऑटो और बाइक जलकर खाक — दमकल ने पाया काबू

Must read


कोरबा | मानिकपुर चौकी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक मकान के आंगन में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि आंगन में खड़े ऑटो और दोपहिया वाहन देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगे।
घटना मानिकपुर बस्ती मुख्य मार्ग की है, जहां घर के इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी। उस वक्त घर के सदस्य अंदर अपने-अपने कमरों में मौजूद थे और उन्हें शुरुआत में आग लगने का अंदेशा भी नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही आग ने विकराल रूप लिया, घर में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए।
आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
इसी बीच मानिकपुर चौकी पुलिस को भी सूचना दी गई। एएसआई कुलदीप तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों के साथ राहत कार्य में जुटे रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान लोचन सोनी का है, जो पास में ही साइकिल दुकान चलाते हैं और ऑटो भी संचालित करते हैं। आग की इस घटना में उनका ऑटो और दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

More articles

Latest article