कोरबा – भारत जोड़ो यात्रा के पहली वर्षगांठ पर राष्ट्रव्यापी जिला स्तरीय पदयात्रा एवं सम्मेलन का हुआ आयोजन ….. राजस्व मंत्री हुए शमिल

राजस्व मंत्री अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भारत जोड़ो यात्रा के पहली वर्षगांठ 07 सितम्बर को राष्ट्रव्यापी जिला स्तरीय पदयात्रा एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसके तहत जिला कांग्रेस कार्यालय टीपी नगर कोरबा में भी 07 सितम्बर 2023 दिन गुरूवार को प्रातः 11 बजे राजस्व मंत्री एवं इस कार्यक्रम के जिला प्रभारी जयसिंह अग्रवाल के विशेष उपस्थिति में पदयात्रा एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। जहॉ टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से टी.पी. नगर चौक तक पदयात्रा कर कांग्रेस कार्यालय में सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम प्रभारी एवं कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि हम सब राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा की वर्षगांठ मना रहे हैं। देश के वर्तमान हालात में जब क्षेत्रियता, धर्म, सांप्रदायिकता के नाम पर देश की सत्ता में बैठे हुये लोग राजनीति कर रहे है वैसे में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा देश के लोगों के सामने एक नई उम्मीद लेकर सामने आई थी। जब देश चलाने वाली दल सत्ताधीश और हुक्मरान आम आदमी की जरूरतों, शिक्षा, रोजगार को परिदृश्य पीछे धकेल कर धार्मिक आधार पर धु्रवीकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हों तब उस समय कांग्रेस जैसी जन सरोकारी वाली पार्टी का यह नैतिक और राजनैतिक कर्तव्य हो जाता है कि वह देश को बचाने देश की एकता और अखंडता को बचाने के लिये भारत जोड़ो जैसा महाअभियान चलाये भारत जोड़ो यात्रा का यही उद्देश्य था।
श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि पिछले साल 7 सितंबर 2022 को हमारे नेता राहुल गांधी जी ने ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी-जो भारत के किसी भी राजनेता द्वारा अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा है। 4,081 किलोमीटर, 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों, 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों की 136 दिनों की यात्रा ने लोगों के मन पर एक अमिट छाप छोड़ी है। लाखों लोग प्रेम और एकता के साथ धर्म, समुदाय, जाति आदि की परवाह किए बिना हर भारतीय को एकजुट करने की राहुल जी की अटूट भावना से मंत्रमुग्ध थे। उनकी यह विचारशील पहल समय की मांग थी, जिसने मूल रूप से हमारे देश में राजनीति की दिशा बदल दी। विशेष रूप से यात्रा के बाद कर्नाटक का चुनाव परिणाम, कांग्रेस पार्टी को सत्ता में वापस लाने की लोगों की सामूहिक इच्छा की एक उत्कृष्ट अभिव्यक्ति थी।
इस अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देशवासियों के जख्मों पर मरहम थी। जिन राज्यों से यह यात्रा गुजरी वहां के नागरिकों ने महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी, किसानों की बदहाली जैसे मुद्दों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के द्वारा चलाई जा रही मुहिम को पूरा समर्थन दिया। लोग राहुल गांधी से मिलने के लिये उतावले रहते थे। हजारो लोग पैदल चलते तथा रास्ते में, घरों की छत पर खड़े होकर स्वागत करने को तत्पर रहते थे। यह राहुल गांधी और कांग्रेस के प्रति लोगों के प्यार और समर्पण की अभिव्यक्ति थी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान, देशभर में राहुल जी ने 100 से अधिक बैठक समूह बातचीत, 276 योजनाबद्ध पैदल बातचीत, 100 छोटी सभाएं, 13 विशाल सार्वजनिक सभाएं, 12 प्रेस कॉफ्रेंस और अनगिनत आम बैठकों के माध्यम से हमारे करोड़ो साथी देशवासियों के साथ अपने विचारों का आदान-प्रदान और साझा किया था। यात्रा ने देश के ज्वलंत मुद्दों को संबोधित किया, जिनमें कमरतोड़ महंगाई अभूतपूर्व बेरोजगारी, भाईचारा, विभाजनकारी राजनीति, चीनी आक्रमकता से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा शामिल है। भारत के विचार को बचाने के लिए राहुल जी का धैर्य और दृढ़ संकल्प भाजपा को बेचौन कर रहा है और लोकतंत्र की भावना को बहाल कर रहा है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि यात्रा का यह प्रभाव आगामी सभी राज्य स्तरीय और केंद्र चुनावों पर अपना प्रभाव दिखाना जारी रखेगा और हमारी सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी के गौरव को बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।