बांगो बांध के 5 गेट खोले गए, हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा पानी; जलस्तर 93.65% पहुंचा

Must read

    कोरबा। लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार शाम 6:30 बजे बांध का जलस्तर 358.60 मीटर यानी 93.65 प्रतिशत पहुंच गया। पानी की आवक बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने शाम 7 बजे बांध के तीन गेट खोल दिए।
    विभाग के अनुसार गेट क्रमांक 5 को 0.40 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 0.70 मीटर और गेट क्रमांक 7 को 0.40 मीटर खोला गया है। तीनों गेटों की कुल ओपनिंग 1.50 मीटर है। इसके साथ ही हसदेव नदी में पानी का प्रवाह बढ़ने की संभावना है।
    इससे पहले शाम 4 बजे बांध का जलस्तर 358.49 मीटर दर्ज किया गया था। सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई थी। बांध में पानी की आवक 38,230 क्यूसेक और आउटफ्लो 9,000 क्यूसेक दर्ज किया गया था।
    जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
    प्रशासन ने हसदेव नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से नदी के आसपास नहीं जाने तथा प्रशासन की चेतावनी का पालन करने की अपील की है। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

    More articles

    Latest article