पीएमओ से मिली सराहना: डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह की पुस्तक को राष्ट्रीय स्तर पर मिली प्रशंसा
रायपुर/कोरबा, अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. संतोष कुमार सिंह को उनके शोध कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उनकी पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” को प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली से सराहना प्राप्त हुई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी दो अलग-अलग पत्रों में देश के शीर्ष अधिकारियों ने इस पुस्तक को अत्यंत महत्वपूर्ण और शोधपूर्ण बताया है।
अजीत डोभाल ने अपने पत्र में पुस्तक की सराहना करते हुए इसे “बेहद शोधपूर्ण और उपयोगी” बताया। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र की पीसबिल्डिंग कमीशन की कार्यप्रणाली को समझने में अहम योगदान देती है और बदलते वैश्विक परिदृश्य में शांति स्थापना के प्रयासों को समझने के लिए ऐसे अध्ययन बेहद जरूरी हैं।
वहीं, शक्तिकांत दास ने भी डॉ. सिंह को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान है और इसे तैयार करने में किए गए समर्पित प्रयास सराहनीय हैं।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. संतोष कुमार सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके अकादमिक और पेशेवर जीवन में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति स्थापना के संस्थागत ढांचे और संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर केंद्रित है, जो शोधार्थियों, नीति-निर्माताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।