चलते ट्रक में सफर कर कोरबा पहुंचा दुर्लभ फ्लाइंग स्नेक, समय रहते हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
कोरबा। टीपी नगर स्थित ट्रक स्टैंड में शुक्रवार को उस समय लोगों में कौतूहल मच गया, जब एक ट्रक में बेहद खूबसूरत और रंग-बिरंगा सांप दिखाई दिया। सांप की अलग बनावट और आकर्षक रंग देखकर ट्रक चालक अनिल निषाद भी हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दी, जिसके बाद सांप को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कवायद शुरू की गई।
रेस्क्यू के दौरान सामने आया कि यह सामान्य सांप नहीं, बल्कि दुर्लभ फ्लाइंग स्नेक (उड़ने वाला सांप) है। बताया जाता है कि यह प्रजाति पेड़ों पर रहने के लिए जानी जाती है और एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक छलांग लगाते समय अपने शरीर को चपटा कर हवा में ग्लाइड कर सकती है। इसी वजह से इसे फ्लाइंग स्नेक कहा जाता है। हालांकि यह वास्तव में पक्षियों की तरह उड़ता नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह सांप किसी दूसरे क्षेत्र से ट्रक के साथ सफर करते हुए कोरबा पहुंच गया। समय रहते उसकी पहचान होने से उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ सांप को देखने के लिए जुट गई।
फ्लाइंग स्नेक को वन्यजीव विशेषज्ञों द्वारा प्रकृति की अनोखी प्रजातियों में शामिल माना जाता है। पेड़ों के बीच हवा में ग्लाइड करने की इसकी क्षमता इसे दूसरे सांपों से अलग बनाती है। कोरबा जैसे वन क्षेत्र से जुड़े इलाके में इस तरह के दुर्लभ वन्यजीव का सामने आना लोगों के लिए भी कौतूहल का विषय बना हुआ है।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां से उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की प्रक्रिया की गई।