कोरबा में सास ने फांसी लगाकर दी जान: मौत से पहले बहनों को भेजा वीडियो, दीवार पर लिखा- ‘पूर्णिमा और उसके मायके वाले मेरी मौत का कारण हैं’
। छत्तीसगढ़ के कोरबा में पारिवारिक विवाद के बीच 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था। वीडियो में उसने कथित तौर पर कहा कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती। वहीं, कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अपनी बहू और उसके मायके वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है। वह लक्ष्मणबंध क्षेत्र में रहती थी, जबकि उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में है।
कोरोना काल में हुई थी पहले पति की मौत
परिजनों के मुताबिक, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। यह विवाह सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार भवन में हुआ था। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं। उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
बहू से आए दिन होता था विवाद
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से परिवार में विवाद चल रहा था। लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था। पूर्णिमा का पति संजय दास निजी कंपनी में काम करता है। उनका करीब तीन साल का बेटा भी है।
घटना से कुछ समय पहले भी घर में पति, बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि इसका वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में सुसाइड की बात कहती नजर आई महिला
सामने आए वीडियो में लक्ष्मी अपने पहले पति के बेटे और बहू पर कथित प्रताड़ना के आरोप लगाती नजर आ रही है। विवाद के दौरान वह आत्महत्या करने की बात भी कहती दिखाई देती है और अपने बच्चों से कमरे से बाहर जाने के लिए कहती है।
इस दौरान उसका बड़ा बेटा उसे समझाते हुए कहता है कि “हम लोग हैं न मम्मी, ऐसा क्यों कर रही हो, ठंडे दिमाग से काम लो।” वहीं छोटा बेटा रोते हुए अपनी मां को मनाने की कोशिश करता दिखाई देता है।
परिजनों का कहना है कि इस पारिवारिक विवाद से लक्ष्मी काफी परेशान और दुखी थी।
मौत से पहले बहनों को भेजा वीडियो
परिजनों के अनुसार, 27 अगस्त को लक्ष्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले उसने अपने मोबाइल से वीडियो बनाया और अपनी बहनों को भेजा था। वीडियो में उसने कथित तौर पर अपनी पीड़ा और बेइज्जती का जिक्र किया।
दीवार पर लिखा मिला कथित सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश मिला। इसमें लिखा था—
“पूर्णिमा और उसकी मायके वाले मेरी मौत का कारण है। मेरे पति का कोई हाथ नहीं है। मेरे बच्चे को मेरे पति के हाथ सौंप कर जा रही हूं।”
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। मामले की जांच जारी है। दीवार पर लिखे संदेश की पुष्टि के लिए पुलिस हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ले सकती है। पुलिस वीडियो, कथित सुसाइड नोट और पारिवारिक विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।