कोरबा: निर्माणाधीन फ्लैट की दीवार गिरी, मासूम समेत तीन घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब के पास निर्माणाधीन फ्लैट की बाउंड्री वॉल ढहने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम सहित तीन लोग घायल हो गए। घायल बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6 बजे फ्लैट परिसर के भीतर जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन के धक्के से बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। दीवार के पास मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए।
हादसे में धनेश कर्ष (डेढ़ वर्ष), संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) घायल हुए हैं। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मासूम की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना में एक मोटरसाइकिल और पास में खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।