हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला करने वाले तीन आरोपी और एक नाबालिग हिरासत में

Must read

    बिलासपुर। थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत सिंधी मरघट के पास एक युवक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों एवं एक नाबालिग बालक को हिरासत में लिया है। मामले में पूछताछ जारी है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
    हिरासत में लिए गए आरोपियों में आदर्श साहू (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14 चकरभाठा, चंद्र प्रकाश पाठक (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12 चकरभाठा तथा राजा सारथी (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15 चकरभाठा शामिल हैं। इसके अलावा एक नाबालिग बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
    पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रहीम उर्फ छोटू खान, निवासी विकास नगर चकरभाठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मई 2026 की रात आईपीएल में आरसीबी की जीत के बाद उसका भाई शादाब खान अपने साथियों के साथ आशा विहार के पास पटाखे फोड़ रहा था। प्रार्थी उसे घर आने की बात कहकर वापस लौट गया।
    अगली सुबह मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली कि शादाब खान आशा विहार कॉलोनी के सीसी रोड पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उसके गले में गंभीर चोट के निशान मिले तथा अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। उसके नाक और कान से भी खून निकल रहा था। सूचना मिलते ही डायल-112 की सहायता से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया।
    घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की। संदेह के आधार पर आदर्श साहू, चंद्र प्रकाश पाठक, राजा सारथी एवं एक नाबालिग बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फरार आरोपी आशु पटेल के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
    पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी आशु पटेल एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।
    चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

    More articles

    Latest article