सक्रिय पत्रकारिता का मिला सम्मान: अनूप पासवान बने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ कोरबा के जिला उपाध्यक्ष

Must read

कोरबा। जनसरोकारों से जुड़ी निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले युवा पत्रकार अनूप पासवान को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, कोरबा जिला इकाई का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन ने इस नियुक्ति को पत्रकारों के हितों को मजबूत करने और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की सहमति एवं जिला अध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना के अनुमोदन से गठित नई जिला कार्यकारिणी में की गई है। संगठन के अनुसार, अनूप पासवान ने लंबे समय से निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, उनके अधिकारों की आवाज बनने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि अनूप पासवान के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सक्रिय सहभागिता से जिला इकाई को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही संगठन का विस्तार होगा और जिले के पत्रकारों के बीच समन्वय, एकजुटता एवं सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होगी।
अपनी नियुक्ति पर अनूप पासवान ने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पत्रकार साथियों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारिता की गरिमा को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने सभी पत्रकारों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

    More articles

    Latest article