राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, जेल में रची थी वारदात की साजिश
:
100 से अधिक CCTV फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सुलझाया बहुचर्चित मामला, आरोपी पहले भी हत्या व दुष्कर्म जैसे मामलों में जा चुके हैं जेल
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूट प्रकरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन आरोपी ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था। आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर उनकी छाती पर तान दिया। इसी दौरान मिर्च पाउडर डालने और दुकान में रखे जेवर लूटने का प्रयास किया गया। बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर तकनीक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपी जंगल के रास्तों से आवाजाही कर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी।
पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया अभी फरार है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों की दोस्ती जेल में हुई थी। हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में सजा काटने के दौरान उन्होंने रिहाई के बाद लूट की योजना बनाई थी। इसके लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इंतजाम कर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में कटघोरा थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।