रतनपुर में डकैती का चंद घंटों में खुलासा, 3 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Must read

    बिलासपुर। रतनपुर के महामाया चौक में देर रात डकैती की वारदात से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर 3 नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 1 हजार रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया गया है।
    पुलिस के अनुसार, ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान 17 अगस्त की रात रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास एक ऑटो में सवार कुछ युवक पहुंचे और उनकी कार को रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। पैसा नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी पैंट की जेब से 1,200 रुपये लूटकर फरार हो गए।
    घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में ही संदिग्धों और ऑटो की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान ऑटो सवार युवकों की पहचान सरकंडा क्षेत्र के ईमलीभाठा निवासी के रूप में हुई।
    पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर घेराबंदी कर राहुल दुबे (25), पवन कुमार गौहर (19) और 3 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 हजार रुपये नगद और घटना में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया।
    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

    More articles

    Latest article