बिलासपुर में ऑटो चालकों पर बड़ा एक्शन: 2 दिन में 200+, अप्रैल में 516 पर कार्रवाई, यूनिफॉर्म अब अनिवार्य

Must read


बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। पिछले 2 दिनों में 200 से अधिक और अप्रैल माह में कुल 516 नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान लगातार जारी है। यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालक संघों के साथ बैठक कर नियमों के पालन के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अब यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य किया गया है। चालकों की मांग को देखते हुए उन्हें 7 दिनों की समय-सीमा दी गई है, जिसके बाद बिना यूनिफॉर्म संचालन पर कार्रवाई होगी।
यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे जाएंगे। साथ ही अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आईटीएमएस और नेक्स्ट जेन एम परिवहन पोर्टल के जरिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे नियम उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और यात्रियों, खासकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

More articles

Latest article