एल्युमिनियम उद्योग में गुणवत्ता परीक्षण क्षमता को मिलेगी मजबूती, आठ प्रमुख उत्पाद श्रेणियों का पुनःप्रमाणीकरण भी हासिल
बालकोनगर। भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की प्रयोगशाला को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की प्रयोगशाला मान्यता योजना के तहत मान्यता मिली है। यह मान्यता आठ भारतीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता मूल्यांकन और परीक्षण करने की प्रयोगशाला की तकनीकी क्षमता को प्रमाणित करती है। इसके साथ ही बालको भारतीय एल्युमिनियम उद्योग की उन अग्रणी कंपनियों में शामिल हो गया है, जिनकी प्रयोगशालाओं को यह मान्यता प्राप्त हुई है।
इस मान्यता के बाद बालको की प्रयोगशाला विभिन्न प्रकार के एल्युमिनियम उत्पादों की गुणवत्ता जांच और परीक्षण कर सकेगी। इससे कंपनी की विनिर्माण प्रक्रिया में गुणवत्ता नियंत्रण मजबूत होगा। साथ ही एल्युमिनियम उद्योग से जुड़े अन्य पक्षों को भी परीक्षण सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
प्रयोगशाला को मान्यता मिलने के साथ ही बालको ने आठ प्रमुख उत्पाद श्रेणियों के लिए बीआईएस का पुनःप्रमाणीकरण भी हासिल किया है। इनमें ईसी इंगट्स, अलॉय इंगट्स, प्राइमरी इंगट्स, वायर रॉड्स, एल्युमिनियम अलॉय रॉड्स, रोल्ड शीट्स, रोल्ड कंडक्टर प्लेट्स और सामान्य इंजीनियरिंग उपयोग की रोल्ड प्लेट्स शामिल हैं। ये प्रमाणन कंपनी के उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को प्रमाणित करते हैं।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि देश को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रयोगशाला को बीआईएस की मान्यता मिलना कंपनी की तकनीकी क्षमता और उत्पादों की गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। गुणवत्ता प्रणाली को लगातार मजबूत कर बालको देश के एल्युमिनियम उद्योग और औद्योगिक विकास में योगदान दे रहा है।
बालको विद्युतीकरण, परिवहन, वाहन उद्योग, निर्माण, इंजीनियरिंग, पैकेजिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों के लिए एल्युमिनियम उत्पाद उपलब्ध कराता है। कंपनी गुणवत्ता, पर्यावरण, ऊर्जा प्रबंधन और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मानकों का भी अनुपालन करती है। इनमें आईएसओ 9001:2015, आईएटीएफ 16949:2016, आईएसओ/आईईसी 17025:2017, आईएसओ 14001:2015, आईएसओ 50001:2018 और आईएसओ 45001:2018 शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, उन्नत परीक्षण सुविधाओं और गुणवत्ता संबंधी बुनियादी ढांचे में निरंतर निवेश के जरिए ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।