ताऊ ते चक्रवात से बदलेगा मौसम:छत्तीसगढ़ पर तूफान का सीधा प्रभाव नहीं, लेकिन बादल छाएंगे; कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बरसात भी संभव

अरब सागर में उठा ताऊ ते चक्रवाती तूफान गोवा के तट से टकराकर गुजरात की ओर बढ़ चला है। इसके असर से पश्चिमी तट के कई प्रदेशों में भारी बरसात हो रही है। आंधी चल रही है। 7 राज्य इससे सीधे प्रभावित हैं। इनमें छत्तीसगढ़ शामिल नहीं है, लेकिन इस चक्रवात से यहां का मौसम भी प्रभावित होगा।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा बताते हैं, ‘प्रभाव क्षेत्रों से अधिक दूर होने की वजह से इस चक्रवात का सीधा असर छत्तीसगढ़ पर नहीं पड़ेगा। लेकिन मौसम में बदलाव संभव है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से में बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से अभी प्रदेश में नमी युक्त हवा भी आ रही है। ऐसे में बरसात की संभावना बढ़ जाती है।’ छत्तीसगढ़ में अभी विभिन्न स्थानीय प्रभावों से लगभग रोज ही एक-दो स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की बरसात हो रही है। अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ रहे हैं।

यह प्रदेश तूफान की सीधी चपेट में

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार देर रात 2.30 बजे यह चक्रवात गोवा के पणजी तट से 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में, मुंबई से 490 किलोमीटर दक्षिण और गुजरात के वेरावल से 880 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में था। तूफान का असर केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिमी राजस्थान और लक्षद्वीप में भी हो सकता है। इस चक्रवात को म्यांमार ने ताऊ ते नाम दिया है। तूफान के दौरान बारिश के साथ 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती घेरा

  1. रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, एक चक्रीय चक्रवाती घेरा मध्य मध्य प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है। इसके कारण प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अंधड़ चलने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।