छत्तीसगढ़ में शीतलहर – जशपुर में जमीन पर जम गईं ओस की बूंदें, 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा रात का तापमान….कोरबा में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री

जशपुर जिले में कांसाबेल ब्लॉक के लमडाड़ गांव है। यहां पुआल के ढेर पर बर्फ के फाहे बिछे नजर आ रहे हैं। ये ओस की बूंदे हैं जो ठंढ की वजह से जमकर बर्फ बन गई हैं।
पूरे सरगुजा क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम
बिलासपुर और दुर्ग संभागों में भी शीतलहर की स्थिति

छत्तीसगढ़ के मध्य-उत्तरी क्षेत्रों में शीतलहर का असर जारी है। जशपुर में तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। इसकी वजह से वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। क्षेत्र में जमीन, पेड़-पौधों की पत्तियोें और सतह पर पड़ी ओस की बूंदें तक जमकर बर्फ बन गई हैं।

प्रदेश का उत्तरी क्षेत्र भीषण ठंड के लिए जाना जाता है। पिछले सप्ताह तक तापमान में हो रही वृद्धि के बाद यहां ठंड फिर से लौट आई है। पूरे सरगुजा संभाग का औसत तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। सोमवार सुबह जारी न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के मुताबिक सरगुजा के मुख्यालय अम्बिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। कोरिया के सलका में तापमान 4 डिग्री रहा। बलरामपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस और जशपुर के डुमरबहार में 3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

कोरबा में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया

बिलासपुर संभाग के जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। इसकी वजह से यहां शीतलहर की स्थिति है। आज सुबह आए न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पेण्ड्रा रोड में पारा एक डिग्री चढ़ा है, इसके बावजूद वहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोरबा का भी न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर संभाग के अधिकतर क्षेत्रों में घने कोहरे का भी असर है।

दुर्ग संभाग के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। यहां भी शीतलहर जैसे हालात हैं। दुर्ग का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री और कवर्धा का तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस है। पिछले 24 घंटों में इस क्षेत्र के न्यूनतम तापमान में मामूली बदलाव हुए हैं।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर पूर्व से हवा आने के कारण प्रदेश के तापमान में यह स्थिति बनी है। आगे भी अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। किंतु न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कुछ जिलों में मामूली बढ़ोतरी संभावित है। उन्होंने संभावना जताई कि मौसम शुष्क रहेगा और आकाश साफ रहने की संभावना है।

सामान्य से नीचे उतरा राजधानी का पारा

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर दिखा है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे उतर आया है। रायपुर का सामान्य तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस है। रविवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार सुबह आए आंकड़ों में यह 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

माना हवाई अड्‌डे पर इस समय का सामान्य न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस है, लेकिन सोमवार को यह 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि लाभांडी में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है।

बस्तर में कम हुआ ठंड का असर

बस्तर संभाग के जिलों में सर्दी के मौसम का असर कम होना शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों में जगदलपुर का न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 11.8 डिग्री पहुंच गया हैं। यहां दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। दंतेवाड़ा का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है। एक दिन पहले यह 9.5 डिग्री सेल्सियस था। बीजापुर का तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस है।