चलती गाड़ियों पर पत्थर बरसाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार 40 से ज्यादा CCTV खंगालने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े “पत्थरबाज”

Must read

बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंककर लोगों की जान खतरे में डालने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने करीब 40 से 50 CCTV फुटेज की बारीकी से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
मामला 20 अप्रैल 2026 की देर रात का है, जब ग्राम झाल मेन रोड पर वाहन क्रमांक CG07CB0655 ट्रक, उसके पीछे चल रही मेटाडोर और बरतोरी के आगे मुख्य मार्ग पर एक स्कॉर्पियो वाहन पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा पहुंचे। घटना में चालकों और वाहन में बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं, वहीं वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद प्रार्थी अनवर अली निवासी बलौदाबाजार ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को तत्काल अवगत कराया गया, जिसके बाद आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इलाके के दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान —
पंकज कुमार ध्रुव (21 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड क्रमांक 16 टेंगा, जिला धमतरी
मोहन निषाद (30 वर्ष), निवासी कोहरौदा थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर
के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट, पत्थर और मोपेड भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को 17 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

More articles

Latest article