कोरबा में कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, इंडस्ट्रियल एरिया सील; सभी मजदूर सुरक्षित

Must read


    कोरबा। जिले के इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
    घटना के समय फैक्ट्री के भीतर बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत थे। राहत की बात यह रही कि सभी कर्मचारियों और मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
    सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी, अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आग की भयावहता को देखते हुए बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
    पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि फैक्ट्री के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाना है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इंडस्ट्रियल एरिया को सील कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। आम लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है तथा पुलिस लगातार लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील कर रही है।
    घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग आग देखने के लिए फैक्ट्री के आसपास पहुंच गए, जिससे मौके पर भारी भीड़ लग गई। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। दमकल और राहत दलों के निर्बाध संचालन के लिए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
    फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से पहले जोरदार विस्फोट हुआ था। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद तकनीकी विशेषज्ञों की टीम जांच शुरू करेगी, जिसके बाद ही विस्फोट और आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

    More articles

    Latest article