कोरबा में ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, साथी फरार
कोरबा। जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा पुलिस ने आईपीएल मैचों पर लग रहे सट्टे के रैकेट का पर्दाफाश किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर 13 अप्रैल को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।
🔎 मोबाइल से चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा
टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां आरोपी जशवीर राना (33) को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते और खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। हालांकि, उसका साथी निखिल राजपूत पुलिस को देखकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
💻 ‘KHELO BAAZI BOOK’ से कर रहे थे लेनदेन
जांच में सामने आया कि आरोपी ‘KHELO BAAZI BOOK’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म/आईडी के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे थे। इस आईडी में बड़ी मात्रा में लेनदेन के प्रमाण मिले हैं और वर्तमान में इसमें 72,020 रुपये का बैलेंस भी मौजूद था। पुलिस ने मौके से मोबाइल, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए हैं।
🚨 फरार आरोपी की तलाश जारी
फरार आरोपी निखिल राजपूत की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6-क और 7-1 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
👮 पुलिस की अपील
इस कार्रवाई में निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा, जुआ या किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।